पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ -
 संवैधानिक संकट से गुजर रहे द्वीपीय देश मालदीव में आपातकाल की अवधि बढ़ा दी गई है और इस संकट के बीच चीन के एक समाचार पोर्टल के मुताबिक इस महीने 11 चीनी जंगी जहाज पूर्वी हिंद महासागर के उतरे हैं। एक समाचार पोर्टल साइना डॉट कॉम डॉट सीएन ने बताया कि 11 जंगी जहाजों का एक दस्ता, 30,000 टन का जल और स्थल दोनों पर काम आने वाला ट्रांसपोर्ट डॉक और तीन टैंकर हिंद महासागर में प्रवेश कर चुका है। हालांकि इस समाचार पोर्टल ने इस बात की जानकारी नहीं दी कि मालदीव में चल रहे संकट या किसी अन्य वजह से जंगी जहाज उतारा गया है।
लेकिन भारतीय नौसेना के एक विश्वस्त सूत्र के मुताबिक मालदीव की तरफ बढ़ रहा चीनी जंगी जहाज दक्षिण चीन सागर की तरफ वापस चला गया है। समाचार पोर्टल साइना डॉट कॉम डॉट सीएन ने रविवार को बताया कि अगर आप युद्धपोत और अन्य उपकरणों को देखेंगे तो आपको भारतीय या चीन की नौसेना के बीच आपको ज्यादा अंतर नहीं दिखेगा। इस समाचार पोर्टल ने यह नहीं बताया कि युद्धपोत का यह दस्ता कब और कितने वक्त से तैनात किया गया था। मालदीव में अपना दबदबा कायम करने के लिए भारत और चीन के बीच तनातनी उस वक्त जाहिर हो गई जब राष्ट्रपति अब्दुल्ला यामीन ने पेइचिंग के बेल्ट ऐंड रोड पहल पर हस्ताक्षर कर दिया जो एशिया और इससे इतर अन्य क्षेत्रों में व्यापार और परिवहन संपर्कबढ़ाने के मकसद से तैयार किया जा रहा है। भारत ने काफी लंबे समय से मालदीव के साथ करीब 400 किलोमीटर क्षेत्र के लिए राजनीतिक और सुरक्षा गठजोड़ किया है और इसने कीरब 4 लाख आबादी वाले मुस्लिम बहुल देश में चीन के बढ़ते दबदबे का विरोध किया है। मालदीव के विपक्ष के नेताओं ने नई दिल्ली से इस संकट में हस्तक्षेप करने की गुजारिश की है।
चीन के रक्षा मंत्री ने इस मामले पर किए गए सवालों पर अपनी कोई टिप्पणी नहीं दी है। शुक्रवार को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी ने अपने आधिकारिक ट्विटर-वेइबो अकाउंट में फोटो और पूर्वी हिंद महासागर में एक बचाव प्रशिक्षण अभ्यास पर एक खबर पोस्ट की। इस महीने की शुरुआत में चीन ने अपने देश के नागरिकों को राजनीतिक तनाव खत्म न होने तक मालदीव की यात्रा न करने की चेतावनी दी थी जो अपने लक्जरी होटल, स्कूबा डाइविंग रिजॉर्ट और पारदर्शी उष्णकटिबंधीय समुद्र के लिए मशहूर है। चीन ने अपने बेल्ट ऐंड रोड पहल के तहत एशिया और अफ्रीका के देशों के साथ करार कर रही है ताकि प्रमुख जिंसों के आयात में सुधार होने के साथ ही बुनियादी ढांचा और क्षेत्र का व्यापार मार्ग बेहतर हो और रणनीतिक दबदबे का प्रभाव बढ़े।
यामीन ने शीर्ष अदालत के फैसले को खारिज करते हुए 5 फरवरी को 15 दिनों के लिए आपातकाल लगाया था। अदालत ने विपक्ष के 9 नेताओं के खिलाफ लगे आरोपों के खिलाफ फैसला सुनाते हुए सरकार को जेल में मौजूद नेताओं को रिहा करने का आदेश दिया था। उन्होंने सोमवार को संसदीय समिति से आपातकाल की अवधि 30 दिन और बढ़ाने की मांग की जिसे मंजूर कर लिया गया। पश्चिमी देशों ने दक्षिण चीन सागर में चीन द्वारा सैन्य अड्डा बनाने की कोशिशों की आलोचना की है जहां इसने द्वीपों का विस्तार किया है। चीन ने ज्यादातर समुद्री क्षेत्र का दावा किया है जहां इसके पड़ोसी देश ब्रुनेई, मलेशिया, फिलीपींस, ताइवान और वियतनाम ने भी दावा किया है।
|
Post a Comment