कांग्रेस की शिकायत के बाद सक्रिय हुआ चुनाव आयोग, एक कलेक्टर निलंबित, अब दूसरे पर लटकी तलवार

before by poll election in madhya pradesh one collector suspended now another turnपूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -विधानसभा उपचुनाव में गड़बड़ी की शिकायतें कर रही कांग्रेस के कटघरे में खड़ा किए जाने के बाद चुनाव आयोग 
 सक्रिय हो गया है। आयोग ने अशोक नगर जिले के कलेक्टर को हटाने के निर्देश दिए हैं जबकि शिवपुरी जिले के कलेक्टर की जांच करवाई जा रही है। अशोक नगर जिले में तैनात एक एसडीएम को भी हटा दिया गया है।
उधर शिवराज सरकार में वरिष्ठ मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया से जवाब तलब किया है। एक और मंत्री पर भी आयोग की नजर है।उल्लेखनीय है कि मुंगाबली और कोलारस विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव की तैयारियां चल रही हैं। सत्तारूढ़ बीजेपी यह उपचुनाव जीतने के लिए कुछ भी करने को तैयार है। वहीं कांग्रेस रोज चुनाव आयोग के दरवाजे जा रही है।  
कांग्रेस ने मुंगावली की मतदाता सूची में हेराफेरी की शिकायत की। हालांकि जांच के बाद शिकायत सही पाई गई और करीब 1800 वोटर फर्जी पाए गए। इनमें से 834 तो अब इस दुनिया में ही नही हैं। आरोप है कि कलेक्टर ने आयोग की अनुमति के बिना मतदाता सूची में फेरबदल कराई। इस मामले में 3 कर्मचारी निलंबित किए जा चुके हैं और अब कलेक्टर बाबू सिंह जामोद को भी हटा दिया गया है। 

उधर कोलारस क्षेत्र में यशोधरा राजे द्वारा मतदाताओं को धमकी दिए जाने के मामले में शिवपुरी के कलेक्टर तरुण राठी भी आयोग की नजर में हैं। राठी ने कांग्रेस की शिकायत पर सिंधिया को क्लीन चिट दे दी थी। अब आयोग ने सिंधिया से जवाब तलब किया है। इस बीच एक अन्य मंत्री माया सिंह के खिलाफ भी शिकायत की गई है। 

उल्लेखनीय है कि इन दोनों इलाकों में 2013 में कांग्रेस जीती थी। यह सीटें ज्योतिरादित्य सिंधिया के लोकसभा क्षेत्र में आती हैं। इन इलाकों में मतदान 24 फरवरी को और मतगणना 28 फरवरी को होनी है। शिवराज और ज्योतिरादित्य के लिए यह उपचुनाव प्रतिष्ठा का सवाल बन गए हैं