उत्तर प्रदेश ‘ पुलिस का फिल्मी डायलॉग पुलिस से नहीं, क्राइम से डर लगता है साहेब!!

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ उत्तरप्रदेश -अपराधियों के खिलाफ अपनी कार्रवाइयों से उत्साहित उत्तर प्रदेश पुलिस अब फिल्मी डायलॉग मार रही है. गुरुवार को उसने अपने ट्विटर हैंडल से एक ट्वीट किया. इस ट्वीट में उसने कुछ अखबारों की खबरों की तस्वीरों के साथ लिखा, ‘पुलिस से नहीं, क्राइम से डर लगता है साहेब!!’ यूपी पुलिस का यह ट्वीट सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ के उस संवाद से प्रेरित है जिसमें अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा कहती हैं, ‘थप्पड़ से डर नहीं लगता साहेब, प्यार से लगता है.’
हाल के हफ्तों में उत्तर प्रदेश पुलिस दर्जनों एनकाउंटरों के लिए चर्चा में रही है. इस दौरान कई अपराधियों को गिरफ्तार किया गया तो कई मारे गए. हालात ऐसे हैं कि पुलिस के डर से बार-बार जुर्म करने वाले अपराधियों ने खुद ही पुलिस के सामने सरेंडर किया है. ट्वीट में यूपी पुलिस ने ऐसे ही अपराधियों से जुड़ी खबरें शेयर की हैं. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक इस ट्वीट से एक दिन पहले ऐसी कई रिपोर्टें आई थीं जिनके मुताबिक राज्य के अपराधी खुद पुलिस स्टेशनों में गए और पुलिस से बोले कि अब वे अपने आप को बदलेंगे और कभी कोई अपराध नहीं करेंगे. ये लोग अपने साथ एक घोषणापत्र भी लेकर आए थे.
ऐसे ही एक वाकये में डकैती और हत्या के मामलों में आरोपित सलीम अली और इरशाद अहमद ने अपने घोषणापत्र में कहा, ‘मैं कभी किसी अपराध में शामिल नहीं होऊंगा और सही तरीकों से पैसे कमाऊंगा. कृपया मुझे क्षमा करें.’ सलीम ने कहा, ‘हम और अपराधियों की तरह मरना नहीं चाहते. हम अपने परिवारों के साथ शांति से रहना चाहते हैं.’
उधर, विपक्ष पुलिस पर सवाल उठा रहा है. समाजवादी पार्टी के कई नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करते हुए कहा है कि वे जिन कार्रवाइयों का जिक्र करते हैं वे फर्जी एनकाउंटर हैं. वहीं, गुरुवार को मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने विपक्ष पर अपराधियों के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया. उन्होंने साफ कहा कि अपराधियों के खिलाफ पुलिस आगे भी इसी तरह कार्रवाई करती रहेगी.