जब पद्मावत फिल्म पर रोक लगाई तो गाना भी नहीं बजाना चाहिए : गृहमंत्री

bhupendra singh minister 17 01 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल  17 Jan 2018-फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत पर विवाद अभी थमा भी नहीं है और उसके गाने को लेकर मध्यप्रदेश में नया विवाद छिड़ गया है। गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने जावरा के एक स्कूल कार्यक्रम के दौरान करणी सेना द्वारा की गई तोड़-फोड़ पर कहा कि जब प्रदेश में फिल्म पर रोक लगाई है तो गाना भी नहीं बजाना चाहिए। इसको लेकर नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने चुटकी लेते हुए कहा कि गाड़ी में यदि रेडियो में गाना बजा जो क्या सुनने वाले को भी गिरफ्तार कर लेंगे। 
कैबिनेट के बाद मंत्रालय में मीडिया से चर्चा के दौरान स्कूलों में भारत माता की जय बोलने को लेकर पूछे सवाल पर कहा कि स्कूलों को नियम का पालन करना चाहिए। इस दौरान करणी सेना द्वारा जावरा के एक स्कूल में विवादित फिल्म पद्मावत के गाने 'घूमर" पर डांस कर रहे बच्चों के कार्यक्रम में तोड़-फोड़ करने पर पूछे गए सवाल को लेकर वे बोले कि कानून अपना काम करेगा। इसके उल्लंघन का किसी को अधिकार नहीं है। वैसे मध्यप्रदेश में इस फिल्म पर प्रतिबंध लगाया गया है, ऐसे में यह डांस भी नहीं होना चाहिए। जब गृह मंत्री से पूछा गया कि गाने पर प्रतिबंध नहीं है तो उन्होंने कहा कि गाना भी फिल्म का ही हिस्सा है। उधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने मंत्री के बयान पर कहा कि जहां तक मेरी जानकारी है कि फिल्म और गाने को लेकर अलग नियम हैं। गाड़ी के रेडियो में यदि गाना बजता है तो क्या सुनने वाले को गिरफ्तार कर लेंगे।