11 शहरों में जल्द खुलेंगे पासपोर्ट दफ्तर, रतलाम-शिवपुरी का नाम भी जुड़ा

पूनम पुरोहित मंथन  न्यूज़ भोपाल 04feb 2018 -विदेश मंत्रालय ने मध्यप्रदेश में अब 9 के बजाय 11 शहरों में पासपोर्ट सेवा केंद्र (पीओपीएसके) खोलने की हरी-झंडी दी है। इस मामले में निष्क्रियता पर विदेश एवं संचार मंत्रालय की फटकार के बाद डाक विभाग एकाएक सक्रिय हो गया। दिल्ली-भोपाल के बीच वीडियो कान्फ्रेंसिंग के दौर शुरू हो गए हैं। मंत्रालय ने नई सूची में रतलाम और शिवपुरी के नाम भी जोड़ दिए हैं।
postoffice passport 03 02 2018देश में सबसे पहले विदिशा में पीओपीएसके खोला गया। उसके बाद मप्र में जबलपुर, ग्वालियर और सतना को भी यह सुविधा दे दी गई, लेकिन दूसरे चरण के 9 शहरों का मामला ठंडे बस्ते में चला गया। निष्क्रियता को लेकर मंत्रालय ने जब सख्ती दिखाई तो अब वीडियो कान्फ्रेंसिंग होने लगी है। डाक विभाग और क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी ने सभी शहरों के संयुक्त दौरे बनाने की कवायद शुरू कर दी है। इसकी शुरुआत छिंदवाड़ा व होशंगाबाद जिले से की जा रही है।
रतलाम-शिवपुरी के नाम भी जुड़े
मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि डाकघरों में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की सूची में रतलाम और शिवपुरी के नाम भी शामिल किए गए है। इनके अलावा उज्जैन, होशंगाबाद, देवास, सीहोर, बैतूल, सिवनी, सीधी, छिंदवाड़ा एवं बालाघाट के मुख्य डाकघरों में पासपोर्ट के आवेदन जमा किए जाने की सुविधा शुरू होना है, लेकिन डाक विभाग यहां सुविधाएं नहीं जुटा पाया।
31 मार्च डेडलाइन, अफसरों की सांस फूली
मंत्रालय की ओर से पहले 31 मार्च की डेडलाइन दी गई थी, लेकिन अब सभी शहरों में पहले सप्ताह में ही पीओपीएसके शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इसलिए दोनों मंत्रालय के अफसरों की सांस फूल रही है। यही वजह है कि अधिकारियों के ताबड़तोड़ संयुक्त दौरे बनाए जा रहे हैं। संबंधित शहरों में भी निचले अधिकारियों को व्यवस्थाएं जुटाने को कहा गया है।
वीडियो कान्फ्रेंस से आई तेजी
वीडियो कान्फ्रेंस हुई है, डाक विभाग की ओर से सभी चिन्हित शहरों में पीओपीएसके खोलने की व्यवस्थाएं तेजी से जुटाई जा रही हैं। दो नए नामों की चर्चा भी है। अभी आदेश आना बाकी है - रामचंद्र जायेभाये, निदेशक, डाक विभाग मप्र
जल्दी खुलेंगे पासपोर्ट केंद्र
विलंब तो हुआ है, अब डाक विभाग के अधिकारियों के साथ इसी सप्ताह संयुक्त दौरे का कार्यक्रम बनाया जा रहा है। समयावधि में ही सभी शहरों में पीओपीएसके खोलने की तैयारी की गई है - नीलेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी, मप्र