पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ लखनऊ 05feb2018 -उत्तर प्रदेश में 20 लाख रोजगार के अवसर और 5 लाख करोड़ रुपए के निवेश का रास्ता 21 और 22 फरवरी को खुलने की उम्मीद है। लखनऊ में 21 और 22 फरवरी को 'इन्वेस्टर्स समिट-2018' का आयोजन होने जा रहा है। सरकार को आशा है कि इस सम्मेलन से प्रदेश को बड़ा निवेश मिलेगा जिससे 20 लाख नौकरियां और काम के अवसर तैयार होंगे। इस समिट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ ही देशी-विदेशी निवेशकों को आमंत्रित किया गया है। उम्मीद है कि कई देशों के करीब 5 हजार प्रतिनिध इसमें शामिल होंगे।
इंडस्ट्री के साथ साथ फिल्म निर्माताओं को दिया न्यौता
इस सम्मेलन को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुंबई में रतन टाटा, मुकेश अंबानी सरीखे देश के शीर्ष उद्योगपतियों से मुलाकात कर चुके हैं। इसके अलावा वह फिल्म निर्माता बोनी कपूर, अनुराग कश्यप, अभिनेता रणदीप हुड्डा और राहुल मित्रा से भी मिले हैं।
इन सेक्टर में अच्छा निवेश मिलने की संभावना
-फूड पार्क, कॉपर इण्डस्ट्री, हार्वेस्टिंग केमिकल्स, ऑटोमोबाइल एवं प्लास्टिक इण्डस्ट्री, आईटी इलेक्ट्रानिक
-सिंगल विंडो सिस्टम लागू
-श्रम कानूनों में बदलाव
-करीब 1,200 गैर जरूरी कानून खत्म किए जा रहे
फ्रेट कॉरीडोर पर रहेगा फोकस
प्रदेश में तैयार हो रहे रेलवे के वेस्टर्न डेडीकेटेड फ्रेट कॉरीडोर और ईस्टर्न फ्रेट कॉरीडोर को ध्यान में रखकर ही राज्य सरकार उद्योग विकास की योजना तैयार कर रही है। उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है, जहां 60 प्रतिशत युवा हैं। इससे मानव शक्ति की कमी भी नहीं होगी।
कैसे होंगे तेज फैसले और क्या मिलेंगी सुविधाएं
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि ई-फाइलें बनाई जाएंगी। 'मेक इन इण्डिया' की तर्ज पर 'मेक इन यूपी ' कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। इसमें उद्योगपतियों को विशेष सहूलियतें दी जाएंगी। औद्योगिक रूप से पिछड़े इलाके बुन्देलखण्ड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में निवेश करने वालों को कई मदों में छूट दी जाएगी।
समिट को सफल बनाने को लेकर क्या हुई हैं कोशिशें
इस समिट को सफल बनाने के लिए ही उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से नई दिल्ली, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता और बंगलुरु जैसे महानगरों में रोड शो किया गया। दिल्ली में नीदरलैण्ड, अमरीका, नेपाल, मॉरीशस, जाम्बिया, कनाडा, चेकोस्लोवाकिया, स्पेन, फिजी, म्यामार, कोरिया, चीन आदि देशों के दूतावासों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की गई।

Post a Comment