पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल 05 Feb 2018 -चुनावी साल में नाराज वर्गों को साधने की रणनीति के तहत सरकार ने पंचायत सचिवों की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांगें रविवार को पूरी कर दीं। पंचायत सचिवों को एक अप्रैल 2018 से छठवां वेतनमान मिलेगा। इससे 93 फीसदी पंचायत सचिवों का वेतन लगभग 10 हजार रुपए महीने बढ़ जाएगा।
इसके अलावा एक अप्रैल 2008 से अनुकंपा नियुक्ति का लाभ भी मिलेगा। नियुक्ति के समय से 1600 रुपए वेतन की जगह न्यूनतम दस हजार रुपए मिलेंगे। महिलाओं को 180 दिन का मातृत्व अवकाश दिया जाएगा। पंचायतों में फिलहाल 21 हजार से ज्यादा पंचायत सचिव पदस्थ हैं।
मुख्यमंत्री निवास में रविवार को हुए पंचायत सचिव सम्मेलन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बजट से पहले ही घोषणाओं का पिटारा खोल दिया। पंचायत सचिवों की वेतन विसंगति दूर करते हुए छठवें वेतनमान को मंजूरी देकर वे बोले कि आज ऐतिहासिक अन्याय समाप्त हो गया। अब दो साल की सेवा पूरी होने पर 1,900 का ग्रेड-पे मिलेगा यानी वेतन 19 हजार रुपए से ज्यादा हो जाएगा। अभी इस वेतन की श्रेणी में सिर्फ सात प्रतिशत पंचायत सचिव ही आएंगे।
दस साल की सेवा बतौर पंचायत सचिव पूरी करने वालों को 2,400 का ग्रेड-पे मिलेगा। इनका वेतन 14 हजार 380 रुपए महीने से बढ़कर 24 हजार 365 रुपए हो जाएगा। इस दायरे में 93 प्रतिशत मौजूदा पंचायत सचिव आएंगे। नियुक्ति से दो साल की अवधि तक न्यूनतम वेतन दस हजार रुपए मिलेगा। अभी यह 1600 रुपए महीने मिलता था। एक अप्रैल 2008 के बाद मृतक पंचायत सचिवों के परिजनों को अनुकंपा नियुक्ति की पात्रता होगी।
बताया जा रहा है कि इसका फायदा 500 से ज्यादा पंचायत सचिवों के परिजनों को मिलेगा। महिला पंचायत सचिवों को 180 दिन का मातृत्व अवकाश मिलेगा। वहीं, पुरुष पंचायत सचिव को 15 दिन का पितृत्व अवकाश दिया जाएगा। बीमारी की सूरत में 15 दिन के चिकित्सीय अवकाश की पात्रता भी दी जाएगी। कार्यक्रम में पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री गोपाल भार्गव ने कहा कि आज पंचायत सचिवों के लिए दीपावली, दशहरा, होली, ईद और क्रिसमस का दिन है। आजादी के बाद किसी वर्ग को इतना लाभ नहीं हुआ, जितना पंचायत सचिवों को होने जा रहा है।
ये रहेगा वेतनमान
10 साल से कम सेवा वाले पंचायत सचिव
न्यूनतम वेतन-अधिकतम+ग्रेड-पे
5200-20200+1900 ग्रेड पे
10 साल सेवा पूरा करने वाले पंचायत सचिव
5200-20200+2400 ग्रेड-पे
महंगा भत्ता
139 फीसदी

Post a Comment