शिक्षक की दबंगई, माह में आता है एक बार, चाबी भी ले जाता है

Image result for school photoपूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी 2feb 2018 -खनियांधाना विकासखंड के ग्राम क्यांरा स्थित मजरा शासकीय प्राथमिक विद्यालय बरकुआं संकुल केंद्र मुहारी पर पदस्थ एक शिक्षक स्कूल नहीं आते और महीने में एक बार हस्ताक्षर कर जाते हैं। यहां तक कि शिक्षक स्कूल की चाबी भी अपने पास रखता है, नतीजे में कक्षाएं बाहर लगानी पड़ रही हैं। यह सनसनीखेज आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। उनका कहना है कि वे शिक्षक के इस दबंगई की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर भी कर चुके हैं, लेकिन अब तक कार्रवाई अंजाम नहीं दी गई है। ग्रामीण हरिकिशन लोधी सरपंच क्यांरा, महेश कोली, छोटू प्रजापति, वीरसिंह प्रजापति ने बताया कि स्कूल पर तैनात शिक्षक मनीष जैन महीने में एक बार स्कूल आता है और हस्ताक्षर कर वेतन पा रहा है, लेकिन नतीजे में बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। जब इस संबंध में लोगों ने परेशानी अनुभव की तो सीएम हेल्पलाइन पर 5228193, 5216394, 5221466 नंबर के जरिए शिकायत दर्ज करवाई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बारे में जब स्कूल में पदस्थ दूसरे शिक्षक से बात की गई तो उसका कहना था कि मनीष ने अटैचमेंट करा रखा है और वह चाबी भी अपने पास रखता है जिसके नतीजे में उसे बच्चों को बाहर बैठाकर पढ़ाना पड़ रहा है। सर्दी के मौसम में बच्चों को बाहर बैठाकर पढ़ाने में कठिनाई हो रही है। मामले को लेकर बीईओ खनियांधाना अनिल श्रीवास्तव का कहना है कि वे स्कूल जाकर हकीकत पता करेंगे और दोषी पाए जाने पर शिक्षक के विरुद्घ कार्रवाई अंजाम दी जाएगी। इसी तरह संकुल प्रभारी मुहारी एसआर कालो ने कहा कि वे स्कूल का निरीक्षण करेंगे और संबंधित के विरुद्घ कार्रवाई अंजाम दी जाएगी।