एमपी गजब है! सीएम बोले- अवैध कब्‍जे वालों को भी मुआवजा देंगे, डीएम ने कहा- नहीं मिलेगा

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ भोपाल -मध्‍य प्रदेश में सरकारी जमीन पर अतिक्रमण कर खेती करने वाले किसानों को राहत देने के मामले में सरकार और प्रशासन का रवैया अलग-अलग है। मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जहां ऐसे किसानों को भी बर्बाद फसल का मुआवजा देने की घोषणा की है, वहीं कलेक्‍टर ने सरकारी कब्‍जे वाली जमीन पर खेती करने वालों को मुआवजा नहीं देने की बात कही है। सीएम चौहान ने सीहोर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन सभी किसानों को मुआवजा देने की बात कही, जिनका फसल खराब मौसम की भेंट चढ़ गया। उन्‍होंने कहा, “कुछ लोगों ने एक समस्‍या के बारे में बात करते हुए बताया कि अतिक्रमण की जमीन पर खेती करने वालों का क्‍या होगा, उनको भी राहत की राशि दी जाएगी। अगर वे गरीब हैं तो उन्‍हें भी वंचित नहीं रखा जाएगा। किसानों की मेहनत नाजायज कैसे हुई।” सरकारी घोषणाओं को जमीन पर उतारने वाले कलेक्‍टर का रवैया इसके ठीक उलट है।