अंकित पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी-कोलारस में हो रहे उपचुनाव में भाजपा नेताओं के बिगड़े बोल पार्टी की परेशानी बढ़ा रहे हैं। शनिवार को खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया पार्टी के लिए वोट मांगते हुए ऐसी दिखी जैसे वो वोटरों को धमका रही हों। कोलारस के पडोरा नाका के पास एक सभा में उन्होंने कहा कि हमको जिताओगे तभी काम होंगे। यहां पर पानी की समस्या का मामला सामने आया था। इससे पहले भाजपा के तीन बार विधायक रहे ओमप्रकाश खटीक ने भी भैरो की राई गांव में कह दिया था कि हमारी कांग्रेस नेताओं से सेटिंग हो गई है। कुल मिलाकर भाजपा के कुछ नेता पार्टी की मदद करने की बजाय मुसीबत ही बढ़ा रहे हैं। ऐसे में बताया जा रहा है कि पार्टी में जमकर गुटबाजी चल रही है। जो टिकट के दावेदार नेता थे वह साफ कह रहे हैं कि इस बार भाजपा और बुरी तरह हारेगी। इसके अलावा गुटबाजी व खेमेबाजी से यहां पर सीएम शिवराज की सभाओं में भी ज्यादा भीड़ नहीं जुट पा रही है। भाजपा से उम्मीदवार देवेंद्र जैन के कई विरोधी खुलेआम इस विधानसभा में पार्टी की मुसीबत बढ़ा रहे हैं। अब ऐसे में बताया जा रहा है कि यहां पर भाजपा का जीतना मुश्किल सा दिख रहा है। एक कारण यह भी है कि चुनाव जीतने का जो मैनेजमेंट होना चाहिए था वह फेल हो गया है। मैनेजमेंट सही न होने से कई जगह तो भाजपा नेताओं के जनसंपर्क और सभाओं में गिनती के लोग पहुंच रहे हैं।

Post a Comment