पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ कोलारस- मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने कोलारस विधानसभा के अनेक गांव में जनदर्शन करते हुए जनसभा को संबोधित किया ।रिजोदा में जन सभा को संबोधित करते हुये कहा कि आजादी के बाद 6 दशक तक केन्द्र और राज्यों में कांग्रेस की सरकारें रही। चुनाव के वक्त कांग्रेस ने गांव, गरीब और किसान परस्ती का दिखावा किया लेकिन किसानों को 18 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देकर मौसम के भरोसे छोड़ दिया। न बिजली मिली न सिंचाई के लिए पानी की व्यवस्था हुई। किसान कर्ज में डूब गया। प्रदेश में 2003 में जनता ने भाजपा को जनादेश दिया। आज प्रदेश के किसानों को जीरों प्रतिशत ब्याज पर कर्ज मिल रहा है। जो डिफाल्टर हो चुके है उनके ब्याज का भुगतान कर राज्य सरकार उन्हें फिर से जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज की पात्रता दे रही है। जनता को सोचना है कि कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी में यही अंतर है कांग्रेस वायदे और इरादे करती है लेकिन वोट लेकर जनता को भगवान भरोसे छोड़ देती है। दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की कथनी और करनी में साम्य है। अंतर सामने है। भारतीय जनता पार्टी ने लोकतंत्र में विकास और जनकल्याण के लक्ष्य को सार्थक बनाया है। आने वाली 24 फरवरी को कोलारस क्षेत्र में उपचुनाव मतदान होगा। क्षेत्रीय जनता विकास और जनकल्याण के लिए देवेन्द्र जैन को विजयी बनाने के लिए कमल का बटन दबाकर विकास को विजयी बनायेगी। श्री शिवराजसिंह चौहान ने कोलारस विधानसभा क्षेत्र के रजौदा में महती जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में 2022 तक कोई भी व्यक्ति आवासहीन नहीं रहेगा। प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने संयुक्त प्रयास कर हर आवासहीन को अपने घर का गौरव दिलाने का निश्चय किया है। 6 लाख मकान गांवों में और 3 लाख मकान प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में बनाए जा चुके है और अगले साल भी इसी तरह का लक्ष्य पूरा किया जायेगा।
श्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि रोटी, कपड़ा, मकान, पढाई लिखाई, दवाई और रोजगार देने का लक्ष्य लेकर भारतीय जनता पार्टी राजनीति में आयी है और उसे पूरा किया जा रहा है। मध्यप्रदेश सरकार ने किसानों से पिछले वर्ष 15 रूपए किलो जो गेहंू लिया था वही गेहंू आज अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़े वर्ग, गरीबों को 1 रूपए किलो की दर से देकर खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाया जा रहा है। मजदूर एक दिन में मेहनत मजदूरी में महीने भर का राशन जुटा लेता है। शेष जरूरतों के लिए उसके पास पर्याप्त धन बचत है। उन्होंने कहा कि भाजपा हर गरीब, अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और सामान्य वर्ग के प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित कर रही है। 12 वी कक्षा में जो छात्र 75 प्रतिशत अंक लायेगा उसे उच्च शिक्षा संस्थानों, मेडीकल, इंजीनियरिंग, आईटीआई, आईआईएम जैसी संस्थाओं में प्रवेश दिलाया जायेगा। प्रवेश शुल्क और पाठ्यक्रम की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार वहन करेगी। उच्च शिक्षा अध्ययन पर भारी खर्च हर वर्ष लाखों रूपयों में आता है। सारा खर्च सरकारी खजाने से उठाया जायेगा। कांग्रेस ने कभी जनता की सेवा और कल्याण की कल्पना भी नहीं की। यदि कांग्रेस ने विकास की कल्पना की होती तो 2003 में भाजपा सरकार को बीमारू राज्य नहीं मिलता। पिछले 14 वर्षों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य के कलंक से मुक्ति दिलायी है और आज देश में मध्यप्रदेश अव्वल नंबर का राज्य बन गया है। कृषि उत्पादन के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में देश, दुनिया में रिकार्ड कायम किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता ने कांग्रेस को 5 साल का समय दिया था लेकिन इस उपचुनाव के साथ हम कोलारस क्षेत्र की जनता से पांच माह का समय मांगते है। इस 5 माह में भारतीय जनता पार्टी की सरकार क्षेत्र का नक्शा बदल देगी। गांव, गरीब और किसान की तकदीर बदलेगी और भारतीय जनता पार्टी जनमानस पर अमिट छाप छोड़ेगी। थमा हुआ विकास आगे बढ़ेगा। विकास की कसर पूरी की जायेगी।
श्री शिवराजसिंह चौहान ने जनता को आगाह किया कि कांग्रेस के पास विकास और जनकल्याण का कोई एजेंडा नहीं है और न ही दूरदर्शितापूर्ण सोच है। अलबत्ता क्षेत्र के विकास के कामों में अडंगा लगाना कांग्रेस की तदबीर बन चुकी है। उन्होंने कहा कि मंदी के दौर में किसानों को उसकी उपज का समुचित मूल्य दिलाने के लिए मध्यप्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री भावांतर भुगतान योजना आरंभ की थी। जिसके माध्यम से किसानों को राहत दी गयी। प्रदेश में भावांतर भुगतान योजना का भुगतान किसानों के खातों में किया जा चुका है लेकिन कांग्रेस को किसान को मिलने वाली राहत भी रास नहीं आयी और उसने इस क्षेत्र का भुगतान किए जाने पर निर्वाचन आयोग से रोक लगवा दी है। इसी तरह कांग्रेस क्षेत्र में स्वीकृत विकास कार्यो के निष्पादन में भी अवरोध उत्पन्न कर जनता के साथ बेइंसाफी कर रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस में यही अंतर है। भाजपा विकास चाहती है और कांग्रेस विकास को रोककर जनता को पिछड़ेपन के गर्त में बनाए रखना चाहती है। उपचुनाव जनता के लिए एक अवसर है। वह इस अवसर पर भाजपा और कांग्रेस के बीच फर्क को सोंचे और विकास जनकल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी देवेंद्र जैन को विजयी बनाए।इस अवसर पर राजयमंत्री राजू बाथम, पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी,प्रदेशकार्यसमिति सदस्य सुरेंद्र शर्मा,मलखान सिंह ,श्रीमती नीलम,देवेंद्र रघुवंशी,परमाल रघुवंशी,विपिन खेमरिया,शिवपाल गोश्वामी,चंद्र प्रकाश कुशवाह, राजकुमार रघुवंशी, रामरतन रघुवंशी,परमानंद परिहार,श्रीलाल शाक्य सहित हजारो की संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Post a Comment