पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ दिल्ली -भाजपा मुख्यालय का पता बदल गया है। रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर बने नए मुख्यालय का उद्घाटन किया। समारोह में मौजूद पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी देशभक्ति और लोकतांत्रिक मूल्यों में गहरी आस्था पर कोई सवाल नहीं उठा सकता है। हमारी रग-रग में लोकतंत्र बसा है।
आजादी के बाद से सभी बड़े आंदोलनों में पहले जनसंघ और फिर भाजपा शामिल रही है। अटल बिहारी वाजपेयी नेतृत्व में पांच साल तक चली राजग सरकार का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसा इसीलिए संभव हो पाया कि हम विचारों की विविधता के बीच भी समानता का सूत्र ढूंढने में सफल होते हैं। लोकतंत्र की यही खासियत है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार भी सबका साथ-सबका विकास की इसी नीति पर काम कर रही है।
मोदी के अनुसार, नया मुख्यालय सिर्फ पैसे से नहीं, बल्कि भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की उम्मीदों और मेहनत से तैयार हुआ है। प्रधानमंत्री ने साफ कर दिया कि यह बिल्डिंग योजनाएं बनाने और तैयारियों के लिए हो सकती है। लेकिन भाजपा का असली कार्यक्षेत्र तो देश की सीमाओं तक फैला है। मात्र डेढ़ साल में पार्टी मुख्यालय का भवन तैयार करने के लिए अमित शाह और उनकी टीम को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि इस तरह का काम केवल बजट से पूरा नहीं होता है। सपनों से पूरा होता है। यह भाजपा का कार्यालय नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं का कार्यालय है।
भाजपा कार्यकर्ता इसे अपना कार्यालय कहें। वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी के नए मुख्यालय को अपने लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह समारोह छोटा जरूर है, लेकिन पार्टी के लिए दिन बड़ा है। उन्होंने कहा कि 1.70 लाख वर्गफुट के साथ यह बिल्डिंग दुनिया में किसी भी पार्टी का सबसे बड़ा मुख्यालय है। 11 करोड़ सक्रिय सदस्यों के साथ भाजपा पहले ही दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी बन चुकी है। उन्होंने बताया कि अगले साल तक देश के लगभग सभी जिलों में भाजपा का अपना कार्यालय होगा और उनके निर्माण का काम तेजी से चल रहा है।
लुटियन जोन छोड़ने वाली पहली पार्टी बनी भाजपा
-सुप्रीम कोर्ट द्वारा राजनीतिक दलों को अपना कार्यालय लुटियन जोन से बाहर ले जाने का निर्देश दिया गया है।
-भाजपा का नया मुख्यालय दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर है। ऐसा कदम उठाने वाली वह पहली राष्ट्रीय पार्टी है।
-यह नया मुख्यालय अत्याधुनिक हाईटेक सुविधाओं से लैस है। इसमें आधुनिक आइटी सेल है।
-प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने पिछले साल अगस्त में नए मुख्यालय की आधारशिला रखी थी।
अब दूसरी पार्टियों पर भी ऐसा दम उठाने का बढ़ेगा दबाव
भाजपा द्वारा मुख्यालय बदलने से अन्य दलों पर भी ऐसा ही करने का दबाव पड़ सकता है। इस समय करीब करीब सभी दल लुटियन जोन के बंगलों में कार्यालय चला रहे हैं। भाजपा का कार्यालय अशोक रोड पर था, जबकि कांग्रेस का मुख्यालय अकबर रोड पर है। ये दोनों परिसर सरकारी निवासों के पूल का हिस्सा हैं। कांग्रेस को भी मुख्यालय के लिए दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर जमीन मिली है।

Post a Comment