पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी -कोलारस उपचुनाव से लगातार दूरी बनाए मंत्री यशोधरा राजे रविवार को शिवपुरी आईं और कार्यकर्ताओं की बंद कमरे में बैठक ले ली। यह बैठक सीधे तौर पर कोलारस उपचुनाव को लेकर की गई। इसमें कोलारस से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में भाजपा के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में शामिल नेताओं से मिली जानकारी के मुताबिक अब कोलारस चुनाव की कमान मंत्री यशोधरा के हाथों में होगी। 5 फरवरी को प्रत्याशी देवेंद्र जैन का नामांकन दाखिल होने के मौके पर इस बात की औपचारिक घोषणा सीएम करेंगे।
नामांकन दाखिल कराने के लिए हेलिकॉप्टर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह कोलारस पहुंचने वाले हैं। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद प्रभात झा, कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा, राजस्व मंत्री उमाशंकर गुप्ता, प्रभारी मंत्री रुस्तम सिंह ,राज्य मंत्री विश्वास सारंग एवं विधानसभा प्रभारी रामेश्वर शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। मंत्री यशोधरा आज शाम को भोपाल रवाना हो गईं और वे सोमवार को सीएम के साथ आएंगी।
हर हाल में जीतना है चुनाव
इससे पहले रविवार को दोपहर 1 बजे से शाम 6 बजे तक जारी रही मैराथन बैठक में पार्षददल, नगर मंडल, ग्रामीण मंडल, महिला मोर्चा सहित अन्य घटकों के पदाधिकारी शामिल हुए, जिनसे अलग-अलग बैठक की गई, लेकिन सभी से एकजुटता के साथ कोलारस चुनाव में जुट जाने की अपील की गई। मंत्री ने साफ कहा कि कोलारस का चुनाव हमें किसी भी हाल में जीतना है और सभी को अपनी जवाबदेही तय करते हुए चुनाव में जुट जाना है।
पैर छूकर भावुक हुए देवेंद्र
रविवार को बैठक में शामिल होने के लिए जब मंत्री यशोधरा शिवपुरी आ रहीं थी तो उनकी अगुआई करने पहुंचे प्रत्याशी देवेंद्र जैन ने उन्हें माला पहनाई और पैर छूकर भावुक हो उठे। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक जैन ने रुंधे गले से मंत्री यशोधरा से मदद करने की बात कही। इस पर मंत्री ने उन्हें भरोसा दिलाया और कहा कि अब वे आ गईं हैं, किसी भी तरह की चिंता करने की बात नहीं।
सरगर्मी तेज, रोचक होगा मुकाबला
माना जा रहा है कि मंत्री यशोधरा को चुनावी समर में उतारने के बाद सरगर्मी तेज हो जाएगी। वहीं मुकाबला भी रोचक हो जाएगा। लंबे समय से कोलारस अंचल के लोग मंत्री यशोधरा को क्षेत्र में लाने की मांग करते आ रहे थे, लेकिन किसी न किसी कारण से अब तक वे चुनावी समर में नहीं उतरीं थीं। हालांकि प्राथमिक कारणों में चुनाव के ऐन पहले भोपाल में हुई बैठक और उस बैठक में मंत्री यशोधरा को दरकिनार कर अलग-थलग करने से उनके नाराज होने की बात कही जा रही थी।
शक्ति प्रदर्शन के दौरान होगी सभा
पार्टी की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक सुबह 10 बजे हेलिकॉप्टर द्वारा सीएम शिवराज बदरवास पहुंचेंगे। उनके साथ मंत्री यशोधरा भी होंगी। बदरवास से वाहन में सवार होकर जनदर्शन करते हुए देहरदा, कोलारस, मानीपुरा लंकापुरा, रामलीला मैदान, सदर बाजार, कटरा मोहल्ला, एप्रोच रोड स्थित दरबारी ग्राम पहुंचेंगे। यहां आम सभा को संबोधित करेंगे। उसके इसके बाद एबी रोड होते हुए निर्वाचन कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र जैन का नामांकन दाखिल कराएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील रघुवंशी, पूर्व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी, नरेंद्र विरथरे, ओमप्रकाश खटीक, सुरेंद्र शर्मा, विपिन खेमरिया, राधे श्याम बंसल, हेमपाल दांगी ने सभी प्रदेश, जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ, प्रकल्प के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से शामिल होने कहा।

Post a Comment