सेना के रॉकेट लांचर में लगी आग, पाक बॉर्डर जा रहा था सेना का काफिला

पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी 05  Feb 2018-श्योपुर-शिवपुरी हाइवे पर रविवार दोपहर सेना के रॉकेट लांचर में आग लग गई। काफिले में चल रहे सेना के टैंकर और ग्रामीणों ने घरों में रखा पानी फेंककर आग पर काबू पाया। काफिला झांसी से पाकिस्तान बॉर्डर की ओर जा रहा था।
sheopur rocket 04 02 2018जानकारी के अनुसार सेना के 80-90 वाहनों का काफिला उत्तर प्रदेश के झांसी से राजस्थान होते हुए पाकिस्तान बॉर्डर की ओर जा रहा था। दोपहर पौने दो बजे के करीब कराहल से डेढ़ किमी पहले ही भीमनगर बस्ती के समीप काफिले में चल रहे रॉकेट लांचर से धुआं उठा। कोई कुछ समझ या कर पाता, उससे पहले ही आग की लपटें उठने लगीं। सेना के काफिले में पानी से भरे टैंकर भी थे, लेकिन वह पीछे चल रहे थे।
ऐसे में हाइवे के आस-पास की बस्तियों में रहने वाले ग्रामीणों ने घरों में रखे पानी के बर्तन सेना के जवानों को दिए। उससे आग बुझाने का काम शुरू हुआ। बाद में सेना के पानी के टैंकर भी मौके पर आ गए। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। रॉकेट लांचर में आग लगने के कारण सेना ने कुछ देर के लिए हाइवे पर आवागमन रोक दिया। आस-पास लाल झंडे लगा दिए, जिससे घटनास्थल पर कोई भी न जा सके।