पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी 14feb 2018 -कोलारस उपचुनाव को लेकर मैदान के साथ-साथ एक-दूसरे की घेराबंदी के लिए आरोप-प्रत्यारोप और चुनाव आयोग से शिकायत का सिलसिला भी तेज हो गया है। कांग्रेस प्रत्याशी महेन्द्र यादव पर भाजपा ने राष्ट्रीय ध्वज के अपमान का आरोप लगाया है। इसकी शिकायत चुनाव आयोग से भी की गई है। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस के फेसबुक पेज पर राष्ट्रीय ध्वज पर न केवल प्रत्याशी व कांग्रेस सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया, अरुण यादव, राहुल गांधी के फोटो लगाए गए हैं, बल्कि तिरंगे का सहारा लेकर इस फोटो के माध्यम से वोट मांगे जा रहे हैं, जो आचार संहिता का उल्लंघन है। भाजपा ने इस मामले में कांग्रेस प्रत्याशी पर राष्ट्रध्वज के अपमान का केस दर्ज करने की मांग भी की है।
पर्यवेक्षक व कलेक्टर से की शिकायत
भाजपा ने इस पूरे मामले को लेकर लिखित शिकायत चुनाव पर्यवेक्षक भंवरलाल व जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर तरुण राठी से की है, जिसमें कांगे्रस प्रत्याशी यादव के फेसबुक के इस्पांसर पेज का प्रिंट भी संलग्न किया गया है। यह शिकायत डॉ. एचएल पुरोहित द्वारा की गई है। इस शिकायत में नेशनल फ्लैग कोड ऑफ कंडक्ट का हवाला देकर सभी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की गई है। प्रायोजित पेज का समस्त व्यय भी कांग्रेस उम्मीदवार के खाते में जोड़ने की मांग भी की गई है।
अधिकारी कर्मचारियों को चोर-डकैत कहने का लगाया सिंधिया पर आरोप
सिंधिया की घेराबंदी को लेकर भाजपा ने चुनाव आयोग को एक अन्य मामले में भी शिकायत दर्ज करवाई है। आरोप है कि प्रत्याशी के समर्थन में सभा के दौरान सिंधिया ने मंच से अधिकारी और कर्मचारियों को चोर-डकैत कहा। बीजेपी ने इसे प्रदेश के 10 लाख कर्मचारियों का अपमान बताया है। पार्टी ने अपनी शिकायत में कहा कि सांसद की ये भाषा एक बड़े सामाजिक वर्ग को सीधे अपमानित करने वाली है, साथ ही इस तरह की भाषा से लोकसेवकों के विरुद्घ आम जनता में नफरत और संघर्ष की भावना का जन्म होगा। ये भाषा आदर्श आचार सहिंता का भी उल्लंघन है, जो एक वर्ग को दूसरे के विरुद्घ भड़काने की श्रेणी में आता है। इस आशय की शिकायत बीजेपी ने दिल्ली, भोपाल निर्वाचन अधिकारियों को करने के अलावा मुख्य प्रेक्षक भंवरलाल से भी की और आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की। इधर सिंधिया के इस बयान की कर्मचारी संघों ने भी कड़ी आलोचना की है। तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव रहे गोकुल दुबे, राज्य कर्मचारी संघ के हजारी लाल पुरोहित, नपा पेंशनर्स संघ के रघुवीर यादव, रामनिवास शर्मा ने भी इसे आपत्तिजनक माना है। इसे सभी लोकसेवकों का अपमान बताया है।
सोफे पर सिंधिया, जमीन पर महिला कार्यकर्ता, बनाया मुद्दा
भाजपा निशाना साधने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रही। ग्राम डहरवारा में चुनावी सभा के दौरान सोमवार को खींचे गए एक फोटो को भाजपाई जमकर सोशल साइट पर मुद्दा बनाए हुए हैं। फोटो में सिंधिया सोफे पर बैठे हैं, जबकि एक महिला कार्यकर्ता सहित कुछ अन्य कार्यकर्ता सोफे के पास मंच पर बिछे चादर पर बैठे हैं। इसे लेकर भाजपा नेताओं का आरोप है कि सिंधिया कहते फिरते हैं कि वे जनता के परिवार के सदस्य हैं, बावजूद इसके महिला को कुर्सी पर जगह न देते हुए नीचे बैठाया गया है। ऐसे में ये कैसा परिवार का रिश्ता है।

Post a Comment