सूतक के कारण आएगा कांग्रेस का अशुभ परिणाम : डॉ. मिश्रा

मंथन न्यूज -
सिंधिया बताएं 14 साल में कोलारस को क्या दिया ?
कोलारस। प्रदेश के जनसंपर्क मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि कांग्रेस को भारतीय संस्कृति की स्थापित मान्यताओं का माखौल उड़ाने में गर्व महसूस होता है। शायद यही कारण है कि कांग्रेस के प्रत्याशी का नामांकन पूरे गाजे बाजे के साथ ऐसे समय भरा गया जब चन्द्रग्रहण चल रहा था। हमारे समाज में ग्रहण के समय कोई भी शुभ कार्य करना सर्वथा वर्जित है। ऐसा लगता है कि कांग्रेस ने सूतक में जो नामांकन भरा है वह चुनाव परिणाम में कांग्रेस का सत्यानाश करने वाला है। श्री मिश्रा आज कोलारस विधानसभा क्षेत्र के अटरूनी, टुकियाबद एवं सेसई खुर्द मे आमसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि आज कोलारस की जनता भलीभांति जानती है कि पिछले 14 वर्षों से उसके जो सांसद है उन्होंने विकास के नाम पर कोई कार्य नहीं किया। मजेदार बात तो यह है कि हम जैसे ही विकास के लिए दो कदम बढ़ाते है तो सांसद महोदय को तकलीफ होने लगती है। दौड़कर विकास रूकवाने के लिए चुनाव आयोग में शिकायत करने चले जाते है। हम दलित समाज के गोपीलाल जाटव जी को मंत्री बनाना चाहते है तो कांग्रेस वाले चुनाव आयोग में शिकायत कर उन्हें मंत्री नहीं बनने देते।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि सांसद श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को कोलारस में मंत्रियों की उपस्थिति पर आपत्ति है, लेकिन हम उनको बताना चाहते है कि हमारे जितने भी मंत्री आए है उनमें से एक भी खाली हाथ नहीं आया। सभी ने कोई न कोई सौगात दी है। हम स्टाप डेम बना रहे है, तालाब बना रहें है, परंतु सांसद सिंधिया यह बताए कि वे कोलारस कितनी बार आए ? क्या लेकर आए ? और कैसा विकास कराया ? सांसद सिंधिया के पास क्या इस बात का कोई जवाब है कि कोलारस से निकलने वाले आगर मुंबई हाईवे का काम उनकी सरकार ने 10 साल तक रोककर क्यों रखा ? जबकि नरेन्द्र मोदी सरकार बनने के तुरंत बाद यह चमचमाती सड़क आज कोलारस में दिखाई दे रही है। जब डॉ. मिश्रा ने जनता से पूछा कि सिंधिया ने कोलारस क्षेत्र में क्या विकास किया है तो आम सभा में उपस्थित हजारों लोगों ने एक स्वर में कहा कि कुछ नहीं किया, कुछ नहीं किया। 
(लोकेन्द्र पाराशर)
प्रदेश मीडिया प्रभारी