पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी 15feb 2018 - अटेर और चित्रकूट उपचुनाव में मिली पराजय से भयभीत भारतीय जनता पार्टी ने कोलारस और मुंगावली उपचुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। दोनों सीटों पर भाजपा शुरू से प्रचार में पीछे थी, लेकिन कैबिनेट मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया के कमान संभालने के बाद कोलारस में भाजपा और कांगेस के बीच कांटे की टक्कर का माहौल बन गया है। बुआ और भतीजे, दोनों यहां पूरी क्षमता से प्रचार में लगे हैं। इससे चुनाव दिलचस्प हो गए हैं। मालूम हो कि दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा रहा है।
सिंधिया बनाम सिंधिया
राजमाता विजयाराजे सिंधिया से लेकर अब तक यहां सिंधिया घराने का वर्चस्व रहा है। राजशाही खत्म होने के बाद भी महल, महाराजा और राजमाता के प्रति स्थानीय लोगों में अब भी सम्मान है, जिसके चलते चुनाव परिणाम भी आमतौर पर उसी पार्टी के पक्ष में जाता है, जहां सिंधिया घराने की रुचि होती है। पर यह उपचुनाव कांग्रेस भाजपा के बजाय सिंधिया बनाम सिंधिया यानी बुआ और भतीजे के बीच बदल गया है। इसके चलते यहां दोनों ही दलों के प्रत्याशियों का चेहरा गौण साबित हो रहा है।
35 साल भाजपा के पास रही सीट
24 फरवरी को कोलारस उपचुनाव के लिए मतदान होना है। दोनों ही सीटें कांग्रेस विधायकों के निधन से रिक्त हुई थीं। पहले 35 साल तक यहां भाजपा या इसी विचाधारा की पार्टी का विधायक रहा है। ओमप्रकाश खटीक कोलारस से तीन बार विधानसभा का चुनाव जीते, वहीं मौजूदा प्रत्याशी देवेंद्र जैन भी यहां से एक चुनाव जीत चुके हैं।
कांग्रेस का फीलगुड चुनौती में तब्दील
अब तक कोलारस उपचुनाव में प्रचार में कांग्रेस आगे रही है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खुद उपचुनाव घोषित होने से पहले यहां मोर्चा संभाल रहे हैं। भाजपा ने भी मंत्री नरोत्तम मिश्रा, उमाशंकर गुप्ता समेत कई मंत्रियों की फौज वहां झोंक रखी है। इसके अलावा संगठन की ओर से प्रभात झा को चुनाव की बागडोर सौंप दी थी पर यशोधरा राजे की गैरमौजूदगी ने भाजपा को नुकसान पहुंचाया था। बिना भरोसे में लिए लिए उनके क्षेत्र में मंत्रियों की फौज उतारने से वे नाराज थीं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के छह दौरों में भी उन्होंने दूरी बनाए रखी। नामांकन के दिन जब उन्हें मनाकर क्षेत्र में लाया गया, तब से चुनाव की तस्वीर में रोजाना बदलाव आ रहे हैं। कांग्रेस का फीलगुड अब चुनौती में तब्दील हो गया है।
चुनाव भाजपा ही जीतेगी
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान भी अब कोलारस को लेकर आशान्वित नजर आ रहे हैं। वे कहते हैं कि जनता भाजपा के साथ है और निश्चित तौर पर हम चुनाव जीतेंगे। भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर दावा करते हैं कि पार्टी कोलारस के साथ मुंगावली सीट भी जीतेगी।
मुख्यमंत्री आज कोलारस में
मुख्यमंत्री 15 फरवरी को कोलारस विधानसभा उपचुनाव में पार्टी प्रत्याशी देवेन्द्र जैन के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक गांवों में सघन जनसंपर्क भी करेंगे। उपचुनाव प्रभारी रामेश्वर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कोलारस, बदरवास एवं रन्नौद मंडल में चुनावी सभा एवं जनसंपर्क करेंगे। इसके बाद वे जनदर्शन कार्यक्रम में शामिल होंगे।

Post a Comment