मुंगावली उपचुनाव : मतदाता सूची में गड़बड़ी, तीन बीएलओ निलंबित उपचुनाव

voter list 18 02 2018पूनम पुरोहित मंथन न्यूज़ शिवपुरी (मुंगावली)- मुंगावली उपचुनाव से करीब दस दिन पहले मतदाता सूची में गड़बड़ी को लेकर उठे विवाद के चलते चुनाव आयोग ने तीन बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को निलंबित कर दिया है। कांग्रेस ने मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का आरोप लगाया था।
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने अशोकनगर कलेक्टर से जांच कराई और रिपोर्ट के आधार पर तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया। साथ ही एक बीएलओ को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
312 के नाम एक से ज्यादा जगह दर्ज 
जांच में कांग्रेस के आरोप कुछ हद तक सही साबित हुए। मुंगावली की मतदाता सूची के सत्यापन में 312 मतदाताओं के नाम एक से ज्यादा जगह पर पाए गए हैं। इसी तरह 245 मतदाता अनुपस्थित, 435 स्थानांतरित तथा 834 मृत मतदाता पाए गए। 
मतदान दलों को मिलेगी दोहराव वाले नामों की सूची
अशोकनगर कलेक्टर ने रिपोर्ट में साफ किया है कि मतदान से पहले मतदान दलों को अनुपस्थित, स्थानातंरित, मृत तथा दोहराव वाले मतदाताओं की सूची अलग से दी जाएगी। इससे किसी भी प्रकार के फर्जी मतदान होने की संभावना नहीं रहेगी।
इन्हें किया निलंबित 
मतदान केंद्र करैयातुर्क के मथुरा लाल नरवरिया (सहायक शिक्षक), मतदान केंद्र बरखेड़ा अथाई के मनोज शर्मा (सहायक अध्यापक) और मतदान केंद्र बावरौद के नौनीतराम (सहायक अध्यापक)। इसके अलावा मतदान केंद्र सूरैल के मनोज यादव (रोजगार सहायक, जनपद पंचायत, चंदेरी) को कारण बताओ नोटिस दिया गया है।
मुंगावली में लगेंगी 360 वीवीपैट
कोलारस और मुंगावली उपचुनाव में भी वीपीपैट (वोटर वेरिफायबल पेपर ऑडिट ट्रेल) का इस्तेमाल होगा। कोलारस में 440 और मुंगावली में 360 वीवीपैट लगेंगी। कोलारस में 835 और मुंगावली में 400 इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) लगाई जाएंगी।